स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 18 जून 2026 : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार की आड़ में चल रही दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इलाके में रसूख और रौब का दावा करने वाले कुछ लोगों की हेकड़ी उस समय निकल गई, जब पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और वाहन लूट के गंभीर मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार कबाड़ कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक आपराधिक वारदात में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर एक युवक को कबाड़ी दुकान में बंधक बना लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका, बल्कि उन्होंने जबरन टाटा पिकअप वाहन पर भी कब्जा कर लिया।
मामले की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद फिरोज और अब्दुल सफीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बंधक बनाने, मारपीट करने और वाहन लूटने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अब्दुल सफीर का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से विवादों में रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसका नाम हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में सामने आ चुका है और वह जेल भी जा चुका है।
क्षेत्र में यह चर्चा भी रही है कि वह कबाड़ कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को संरक्षण देने और अन्य कारोबारियों की एंट्री रोकने की कोशिशों में सक्रिय रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और इन पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगा।
बिलासपुर पुलिस की लगातार सख्ती का असर अब दिखाई देने लगा है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत मिलते ही अपराध दर्ज किया, दबिश दी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में यह संदेश गया है कि जिले में गुंडागर्दी, रंगदारी और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस किसी भी तरह की नरमी बरतने वाली नहीं है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस की टीमें मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


