स्वतंत्र बोल
धमतरी 13जून 2026 । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कथित पशु मांस बरामद होने के मामले के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार
को नगर निगम की टीम साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिससे कुछ समय के
लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें मकान खाली करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। विरोध बढ़ता देख पुलिस और
प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि विरोध के बावजूद निगम की टीम ने अभियान जारी रखा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार क्षेत्र
में कई अवैध निर्माणों को हटाने की योजना बनाई गई है, जिसके तहत अभियान चलाया जा रहा है।

कथित मांस बरामदगी के बाद बढ़ी हलचल
दरअसल, 11 जून को एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने गाड़ापारा इलाके में कार्रवाई की थी। सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से
पशु मांस काटा जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने बड़ी मात्रा में मांस जब्त किया था। जांच के दौरान पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों
को भी बुलाया गया। प्रारंभिक स्तर पर लगभग 86 किलो मांस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि यह मांस किस पशु का है, इसकी
पुष्टि अभी नहीं हुई है। नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।


