रायपुर में ऑटोमोबाइल शॉप में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर

रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, मौके पर आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और मौजूद पुलिस बल।

स्वतंत्र बोल

ad

रायपुर 11 जून 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल शॉप में गुरुवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं।

youtube

मिली जानकारी के अनुसार, मौदहापारा थाने के ठीक सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं।

आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने के कारण आसपास के क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी है।

फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। घटना में हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।