जशपुर में बन रही 11 करोड़ की हाईटेक लाइब्रेरी! 24 घंटे इंटरनेट, ई-लाइब्रेरी और 500 सीटों वाली सुविधा का होगा लाभ

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 10 जून 2026: जशपुर जिले के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब और आसान होने वाली है। जिला मुख्यालय में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 500 सीट क्षमता वाले हाईटेक नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परिसर विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन और ज्ञानार्जन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

ad

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप तैयार किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निरीक्षण जशपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने अपने प्रवास के दौरान 8 जून को किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 14 स्थित पुराने विस्तार डिपो परिसर के समीप निर्माणाधीन नालंदा परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

youtube

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं।

करीब 2 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस नालंदा परिसर को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक अध्ययन कक्ष, कैंटीन और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस परियोजना का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक ही स्थान पर उच्च स्तरीय अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बड़े शहरों का रुख न करना पड़े और स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिले में बन रहा यह हाईटेक नालंदा परिसर शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन सकता है।