जगदलपुर में अचानक एक्शन मोड में दिखे डिप्टी CM अरुण साव, 101 करोड़ की परियोजना से लेकर नालंदा परिसर तक पहुंचकर मांगा हिसाब

स्वतंत्र बोल
रायपुर ,6 जुन 2026: बस्तर संभाग के प्रमुख शहर जगदलपुर में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की प्रगति परखने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शनिवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शहर में निर्माणाधीन कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सघन निरीक्षण कर अधिकारियों से सीधे जवाब मांगा और साफ निर्देश दिए कि जनता से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

ad

डिप्टी सीएम का दौरा उस समय चर्चा में आ गया जब उन्होंने पेयजल, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं का मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने के साथ ही परियोजनाओं में आ रही चुनौतियों की जानकारी भी अधिकारियों से ली।

youtube

सबसे पहले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पावर हाउस चौक स्थित इंटेक-वेल और फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इसके बाद वे महारानी वार्ड पहुंचे, जहां लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम पीजी कॉलेज धरमपुरा भी पहुंचे, जहां करीब 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से 500 सीटर आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गति पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अत्याधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

इसके बाद उन्होंने छत्रपति शिवाजी वार्ड में लगभग 79 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे पण्डरीतरई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। वहीं करीब 3 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे गंगामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण और संरक्षण कार्यों का भी जायजा लिया।

अरुण साव ने तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा तथा जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम के इस सघन निरीक्षण से स्पष्ट संकेत मिला है कि राज्य सरकार शहरी विकास परियोजनाओं को लेकर गंभीर है और करोड़ों रुपये की योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी रख रही है।