कांग्रेस पर CM साय का बड़ा हमला, बोले- अब मुद्दे नहीं बचे तो लगा रही झूठे आरोप… चुनाव नतीजों के बाद गरमाई सियासत

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 05 जून 2026:  छत्तीसगढ़ की राजनीति में चुनावी नतीजों के बाद बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के भाजपा पर लाठी के दम पर शासन चलाने के आरोप को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब पूरी तरह मुद्दा विहीन हो चुकी है और जनता के बीच अपनी पकड़ कमजोर पड़ने के कारण बेबुनियाद आरोप लगाने का सहारा ले रही है।

ad

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार का अपराध होने पर कानून के अनुसार जांच की जाती है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में सरकार पर इस तरह के आरोप लगाना केवल राजनीतिक बयानबाजी है।

youtube

चुनावी नतीजों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि तीन नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और पार्षदों ने जीत दर्ज की है, जो सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता के भरोसे को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनाव में विजयी हुए सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने चुनावी मैदान में सक्रिय रहकर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भी सराहना की।

चुनावी नतीजों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।