मेले में अचानक आसमान से बरसी मौत! आकाशीय बिजली गिरते ही मची चीख-पुकार, महिला की मौत, 11 लोग झुलसे

स्वतंत्र बोल
दंतेवाड़ा 03 जून 2026: दंतेवाड़ा जिले में आयोजित एक जात्रा मेले के दौरान अचानक हुए दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। मेले में मौजूद ग्रामीणों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

ad

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार शाम चंदेनार क्षेत्र में आयोजित जात्रा मेले के दौरान हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीण मेले में मौजूद थे, तभी अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिरने से 12 लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

youtube

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 घायल ग्रामीणों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

इधर, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। कोरबा में मंगलवार शाम तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई जगह बैनर-पोस्टर उड़ गए, जबकि पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं। इससे आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

फिलहाल दंतेवाड़ा में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है।