स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 मई 2026: रायपुर तक गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने की तैयारी में निकला तस्कर पुलिस के जाल में ऐसा फंसा कि पूरा नेटवर्क ही बेनकाब होने लगा। एक साधारण सी दिखने वाली एक्सेल गाड़ी में लाखों रुपए का गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था, लेकिन बालोद पुलिस की सतर्कता ने तस्कर के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मामला पुरुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान पुरुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति टीवीएस एक्सेल 100 क्रमांक CG 24 K 0170 में गांजा भरकर बालोद से रायपुर की ओर निकल चुका है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए और मूरपार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पहली नजर में साधारण लग रही गाड़ी की जब पुलिस ने तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। वाहन से 12.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रवि नेताम पिता नरेश नेताम उम्र 40 वर्ष निवासी मनेरीपारा, ग्राम कसेरी बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह गांजा को बालोद से रायपुर लेकर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अब पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि आखिर रायपुर में यह गांजा किसके पास पहुंचने वाला था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।


