मैदान में खेल रहा था क्रिकेट, अचानक आसमान से गिरी मौत… 18 साल के युवक की दर्दनाक मौत

स्वतंत्र बोल
दुर्ग, 14 मई 2026:
 छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है। इसी बीच दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां क्रिकेट खेल रहे एक युवक पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद दोस्त भी सहम गए।

ad

जानकारी के मुताबिक, पुरैना इलाके में रहने वाला 18 वर्षीय शक्ति बिश्नोई बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में तेज गर्जना शुरू हो गई। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसके ऊपर आ गिरी।

youtube

बिजली गिरते ही मैदान में अफरा-तफरी मच गई। दोस्त तुरंत उसकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल में बने मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।

वहीं 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।