स्वतंत्र बोल
रायपुर,06 मई 2026: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। भीषण गर्मी से झुलस रहे प्रदेश में अब राहत की बूंदें गिरने लगी हैं, लेकिन इसके साथ ही आसमान में छाए काले बादल और तेज हवाएं डर का अहसास भी करा रही हैं।
मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में तेज अंधड़ और झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। गर्मी से बेहाल लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन अचानक आए इस बदलाव ने कई जगहों पर हलचल भी बढ़ा दी।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। खास बात यह है कि अब पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में अगले 2 दिनों तक तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ा रह सकता है।
इस बदलाव के पीछे कई मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं। कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का असर छत्तीसगढ़ तक पहुंच रहा है। यही वजह है कि अचानक मौसम में यह उथल-पुथल देखने को मिल रही है।
राजधानी रायपुर में आज भी मौसम कुछ ऐसा ही बना रह सकता है। आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि कुछ स्थानों पर तेज अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। अचानक बदलते इस मौसम ने जहां राहत दी है, वहीं आसमान की हर गड़गड़ाहट अब लोगों को चौंकाने लगी है।


