मंत्रालय से निकली लिस्ट और मच गया हड़कंप… RTO विभाग में एक साथ बड़े तबादले, कई जिलों के अधिकारी बदले

स्वतंत्र बोल
रायपुर , 01 मई 2026:
रायपुर से एक अहम प्रशासनिक फैसला सामने आया है, जहां छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग ने बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन से जारी आदेश के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और अन्य अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बताया जा रहा है कि यह तबादला सूची प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जारी की गई है। आदेश के अनुसार, कई जिलों के अधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल से हटाकर अन्य जिलों में भेजा गया है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार लाया जा सके।

जिन जिलों में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है, उनमें कोरबा, धमतरी, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कांकेर, राजनांदगांव, बेमेतरा, सूरजपुर, गरियाबंद और जशपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इन जिलों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अधिकतम 10 दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापना स्थल पर जॉइन करें। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और कामकाज में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस बदलाव का असर विभागीय कार्यों की गति और व्यवस्था पर देखने को मिल सकता है।