भोपाल 31 मई 2025. लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर भोपाल के जंबूरी मैदान में 31 मई को महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र के नायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां अहिल्याबाई होल्कर की पावन धरा पर पधारे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में विगत 500 साल के कार्यकाल पर नजर डालें तो गोंडवाना की रानी अवंतीबाई ने तीन बार अकबर को धूल चटाई थी। इसी प्रकार रानी दु्र्गावती ने भी मुगलों के सामने कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया। ग्वालियर की राजमाता सिंधिया ने भी भारतीय लोकतंत्र को मजबूत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंदौर की सुमित्रा ताई को लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर प्रदेश का मान बढ़ाया। आज राष्ट्रपति भी एक महिला हैं। अहिल्या माता के जन्म जयंती के अवसर पर पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकी सरकार और आतंकवादियों को धूल चटाई। पूरा देश आपका अभिनंदन कर रहा है। जिन आतंकियों ने बहनों का सिंदूर उजाड़ने का काम किया, उन्हें सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि भारत ने जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की उपलब्धि हासिल की है। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रही है। आपके नेतृत्व में भारत एक दिन दुनिया में शिखर पर पहुंचेगा।कार्यक्रम में पीएम मोदी ने प्रदेश को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित डाक टिकट और 300 रुपए का विशेष स्मृति सिक्का जारी किया। इस सिक्के में देवी अहिल्याबाई की छवि अंकित है।
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान देने वाली महिला कलाकारों को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने भोपाल से दतिया-सतना एयरपोर्ट, इंदौर मेट्रो की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं का वर्चुअली उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने भोपाल से 1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए 483 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी ट्रांसफर की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के 300 वें जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लोकमाता देवी अहिल्याबाई पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में लोकमाता अहिल्या के सुशासन, महिला स्वावलंबन, धार्मिक स्थलों के लिए किए गए कामों का प्रदर्शन था। पीएम मोदी ने देवी अहिल्या पर केंद्रित पुस्तकें और शोध पत्र भी देखे। उन्होंने हथकरघा- हस्तशिल्प को समर्पित महिलाओं और ड्रोन दीदी से संवाद किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए जारी गतिविधियों, ग्रामीण आवास योजना ,ग्रामीण पर्यटन, कृषि आदि क्षेत्र में महिलाओं द्वारा की जा रही पहल और ग्रामीण व नगरीय निकायों में महिला प्रतिनिधित्व के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत संचालित गतिविधियों, धार्मिक लोकों के विकास, सहित राज्य की अन्य विकासोन्मुखी नवाचारों का भी अवलोकन किया।
