होर्मुज संकट की आहट के बीच सरकार का बड़ा अलर्ट, क्या सच में आने वाली है ईंधन की किल्लत

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली,04 अप्रैल 2026:
अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच देश में ईंधन को लेकर अचानक बढ़ी चिंता ने सरकार को बड़ा बयान देने पर मजबूर कर दिया है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की संभावित किल्लत की अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन साथ ही एक ऐसी चेतावनी भी दी है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में संभावित बाधाओं के बावजूद देश में ईंधन की सप्लाई फिलहाल पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर ज्यादा खरीदारी न करें, क्योंकि यही स्थिति को बिगाड़ सकती है।

मंत्रालय ने बताया कि घरेलू एलपीजी और पाइप्ड नेचुरल गैस की सप्लाई को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। खासतौर पर घरों, अस्पतालों और जरूरी सेवाओं के लिए किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मांग को संतुलित रखा जा सके।

हालांकि, सरकार के आंकड़े एक अलग ही कहानी भी बयां करते हैं। जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अब तक 3,700 से ज्यादा छापे मारे जा चुके हैं, करीब 1,000 एलपीजी डीलरों को नोटिस जारी हुए हैं और 27 डीलरों को सस्पेंड किया गया है। ये आंकड़े इस बात की ओर इशारा करते हैं कि बाजार में हलचल जरूर है।

मंत्रालय के अनुसार, जियो-पॉलिटिकल हालात के चलते सप्लाई पर दबाव बना हुआ है, लेकिन अभी तक एलपीजी की कमी की कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं है। बीते शुक्रवार को करीब 51 लाख सिलेंडर वितरित किए गए, जिनमें से 95 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हुई।

सरकार ने यह भी खुलासा किया कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को एहतियातन 70 प्रतिशत तक सीमित किया गया है। वहीं पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और रिफाइनरियां भी कच्चे तेल के पर्याप्त भंडार के साथ काम कर रही हैं।

होर्मुज स्ट्रेट, जो दुनिया के सबसे व्यस्त तेल मार्गों में से एक है, वहां की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। ऐसे में भारत ने भी अपने वितरण नेटवर्क और रिफाइनरियों को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी भी संभावित संकट से निपटा जा सके।

सरकार ने साफ कहा है कि पैनिक बायिंग से न केवल सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ता है, बल्कि कालाबाजारी को भी बढ़ावा मिलता है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एहतियात है या आने वाले समय में कोई बड़ा संकट दस्तक देने वाला है। फिलहाल सरकार भरोसा दिला रही है, लेकिन हालात पर कड़ी नजर भी रखी जा रही है।