स्वतंत्र बोल
दंतेवाड़ा 28 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला के डिपॉजिट-14 से बहकर लौह अपशिष्ट का मलबा आरक्षित वन क्षेत्र में फैलने के मामले में वन विभाग ने NMDC के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण (POR) दर्ज किया है। शुरुआती आकलन के आधार पर कंपनी पर 6 से 7 करोड़ रुपये तक जुर्माना लगने की संभावना है। इसके अलावा, वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11C में तीन हेक्टेयर जंगल को हुए नुकसान के बदले तय 10 करोड़ रुपये की राशि भी अब तक बकाया है। वन विभाग इसकी वसूली के लिए नोटिस जारी कर रहा है।
500 मीटर से बढ़कर 3 किमी तक फैला मलबा
डिपॉजिट-14 में पुराने लौह अपशिष्ट के ढेर से बहा मलबा आरक्षित जंगल और प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रभावित कर रहा है। शुरुआत में यह करीब 500 मीटर तक फैला था। अब इसका फैलाव लगभग 3 किलोमीटर तक पहुंच गया है। कई जगह मलबे की चौड़ाई 150 मीटर तक है। इसकी चपेट में छोटे पौधों से लेकर करीब 100 फीट ऊंचे पेड़ तक आए हैं। वन अधिकारियों को आशंका है कि इस बार वन संपदा को 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11C में हुई घटना के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा नुकसान हुआ है।
मलबा हटाना मुश्किल, सर्वे के बाद तय होगा नुकसान
वन विभाग प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत सर्वे करेगा। फिलहाल जंगल में फैले लौह अपशिष्ट को हटाना संभव नहीं माना जा रहा है। ऐसे में आसपास के जंगलों और नजदीकी भूखंडों में बची वन संपदा के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग यह भी जांचेगा कि माइनिंग प्लान के मुताबिक वेस्ट डंपिंग की गई थी या नहीं। मलबे का बहाव रोकने के लिए बनाए गए इंतजामों, मिट्टी का कटाव रोकने के उपायों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच होगी। विभाग यह पता लगाएगा कि पिछली घटना के बाद NMDC ने जरूरी सुधार किए थे या नहीं।
2024 में भी तीन हेक्टेयर जंगल को हुआ था नुकसान
बैलाडीला के डिपॉजिट-11C में 4 अगस्त 2024 को हुई घटना में करीब तीन हेक्टेयर जंगल प्रभावित हुआ था। इसके एवज में 10 करोड़ रुपये की राशि तय की गई थी। वन विभाग के मुताबिक, NMDC ने अब तक यह रकम जमा नहीं की है। डीएफओ रंगनाथ रामकृष्ण वाय इसकी वसूली के लिए नोटिस जारी कर रहे हैं।
वन अधिनियम के तहत छह महीने तक की सजा का प्रावधान
डिपॉजिट-14 के मामले में वन अधिनियम की धारा 26(1)(फ) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस प्रावधान के तहत आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों को काटने, गिराने, जलाने या किसी अन्य तरीके से नुकसान पहुंचाने पर छह महीने तक की कैद, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। वन संपदा को हुए नुकसान की भरपाई भी करनी होगी। अंतिम राशि विस्तृत आकलन के बाद तय होगी।
NMDC बोला- 2024 में भीषण बाढ़ से हुई थी घटना
NMDC प्रबंधन का कहना है कि वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11C में हुई घटना भीषण बाढ़ के कारण हुई थी। कंपनी के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले वन विभाग से इस संबंध में नोटिस मिला था। विभाग के साथ पत्राचार जारी है। प्रबंधन ने मामले में पूरा सहयोग करने और जल्द समाधान करने की बात कही है।


