एक तरफ 8 डिग्री की ठंड और दूसरी तरफ बारिश की संभावना, छत्तीसगढ़ में क्यों बदला मौसम?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए अगले 48 घंटों का येलो अलर्ट जारी किया है और इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

ad

दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। विभाग के अनुसार, इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की आशंका है, जहां हवाएं 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और इसका असर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी हो सकता है।

youtube

इन 9 जिलों में येलो अलर्ट, 50 किमी की हवा के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर, सरगुजा और रायपुर क्षेत्र के कई जिलों में मौसम का असर दिख सकता है और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बलरामपुर में 8 डिग्री पारा, अगले 48 घंटे सतर्कता की सलाह

प्रदेश में ठंड का असर बढ़ रहा है, जिससे बलरामपुर में रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में खास सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।