14 मामले, एक फैसला और रायपुर पर लगी रोक खत्म… अमित बघेल को कैसे मिली जमानत?

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 19 नवंबर 2026:
जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने हेट स्पीच से जुड़े सभी 14 आपराधिक मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी है। गुरुवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने रायपुर जिले से बाहर रहने की शर्त भी हटा दी। अब अमित बघेल रायपुर जिले में भी रह सकेंगे। ये सभी मामले छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद दिए गए उनके बयान से जुड़े हैं। इससे पहले अमित बघेल को बिलासपुर हाईकोर्ट से तीन महीने की अंतरिम जमानत मिली थी। अवधि खत्म होने के बाद उन्हें सरेंडर करना पड़ा था।

ad

11 नवंबर को किया था सरेंडर

हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए अमित बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को आदेश दिया था कि वे दो सप्ताह के भीतर हेट स्पीच से जुड़े सभी 14 मामलों में सरेंडर करें। इस आदेश के पालन में अमित बघेल ने 11 नवंबर को सरेंडर कर दिया था। इसके बाद वे न्यायिक हिरासत में थे। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में उनकी नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई हुई।

youtube

बचाव पक्ष ने 7 महीने से ज्यादा जेल में रहने का तर्क दिया

सुनवाई के दौरान अमित बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे और अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि जिन अपराधों में अधिकतम तीन साल की सजा का प्रावधान है, उनमें अमित बघेल सात महीने से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। वकीलों ने यह भी कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 28 अक्टूबर के आदेश का पालन करते हुए सभी 14 मामलों में सरेंडर किया है। इन दलीलों के आधार पर नियमित जमानत की मांग की गई।

सरकार ने जमानत का किया विरोध

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जमानत का विरोध किया। सरकार की ओर से बताया गया कि अमित बघेल के खिलाफ हेट स्पीच से जुड़े 14 मामलों के अलावा 19 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। सरकार ने यह भी दलील दी कि तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि खत्म होने के बाद उन्होंने तुरंत आत्मसमर्पण नहीं किया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल को सभी 14 मामलों में नियमित जमानत दे दी।

छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा विवाद से जुड़े हैं मामले

इन मामलों की शुरुआत 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। वहां हंगामा हुआ और कार्यकर्ताओं तथा पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।

बाद में प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया गया। पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी के परिजनों ने दावा किया था कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसका सेंदरी तथा रांची में इलाज कराया गया था।

बयान के बाद दर्ज हुई थीं कई FIR

प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद विवाद बढ़ा और अलग-अलग जगहों पर उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गईं। रायपुर के कई थानों के अलावा प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी FIR दर्ज हुई थीं। बयान के विरोध में रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जगह प्रदर्शन हुए थे। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की थी।

पहले हाईकोर्ट से मिली थी तीन महीने की अंतरिम जमानत

बिलासपुर हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को अमित बघेल को हेट स्पीच से जुड़े 14 मामलों में तीन महीने की अंतरिम जमानत दी थी। हालांकि, उस समय वे बलौदाबाजार आगजनी कांड से जुड़े दूसरे मामलों में जेल में बंद थे, इसलिए तत्काल रिहाई नहीं हो सकी थी। बाद में 22 जुलाई को उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा किया गया। उनकी अंतरिम जमानत की अवधि 22 अक्टूबर को खत्म हो गई थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्होंने 11 नवंबर को सरेंडर किया था। अब सुप्रीम कोर्ट से नियमित जमानत मिलने के बाद उन्हें इन 14 मामलों में राहत मिल गई है।