स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने एक साथ पांच जिलों में छापेमारी की। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में विभाग की 16 टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई कथित टैक्स चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है। अधिकारी सुबह से ही कारोबारियों के घर, दफ्तर और उद्योगों में टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
रायगढ़ में स्टील कंपनियों और कारोबारियों के ठिकानों पर छापा
रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के दफ्तर आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। कंपनियों के मालिकों के घरों पर भी कार्रवाई की गई है। रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घर के अलावा कंपनी के दफ्तर और उद्योग में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। जानकारी के मुताबिक, इन ठिकानों पर सुबह करीब 5 बजे से दस्तावेजों की जांच की जा रही है। रायगढ़ में कुल 3 से 4 ठिकानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
रायपुर में PRA ग्रुप के ऑफिस समेत कई जगह छापेमारी
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की टीमों ने कई जगहों पर दबिश दी। चंदखुरी के पास बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में जांच की गई। वहीं, तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के ऑफिस पर भी छापा पड़ा। इसके अलावा रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी छापेमारी की जानकारी सामने आई है।
पांच जिलों में एक साथ कार्रवाई
आयकर विभाग की 16 टीमों ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में एक साथ कार्रवाई शुरू की। टीमों की ओर से अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फिलहाल विभाग ने छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच किस आधार पर शुरू हुई और अब तक क्या मिला है, इस बारे में भी विभाग की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।


