स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 6 नवंबर 2026: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आधार कार्ड की जगह वोटर ID के EPIC नंबर से सरकारी योजनाओं का लाभ देने वाले बयान पर सियासत शुरू हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस बयान को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर वोटर लिस्ट से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और अब सरकारी योजनाओं का लाभ भी वोटर ID से जोड़ने की तैयारी है। राहुल ने इसे ‘हक चोरी’ की साजिश बताया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सरकार पहले लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट रही है और अब उनके अधिकारों पर भी असर डालने की तैयारी है। उन्होंने ललन सिंह के बयान का हवाला देते हुए लिखा कि योजनाओं का लाभ अब आधार के बजाय वोटर ID से तय होगा।
राहुल गांधी ने SIR को लेकर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें ज्यादातर ऐसे लोग हैं, जो BJP के खिलाफ नाराजगी रखते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। राहुल ने कहा कि वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के नियंत्रण में होनी चाहिए, लेकिन अब यह मोदी सरकार के कर्मचारी ज्ञानेश कुमार के हाथ में है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर BJP के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। राहुल के मुताबिक, उनकी पार्टी ने सबूतों के साथ वोट चोरी पकड़ी है। राहुल गांधी ने आशंका जताई कि ऐसी वोटर लिस्ट तैयार की जा रही है, जिसमें BJP को हमेशा बहुमत मिले। उन्होंने कहा कि अगर योजनाओं का लाभ भी इसी सूची के आधार पर तय हुआ तो BJP के खिलाफ मतदान करने की इच्छा रखने वालों के नाम चुन-चुनकर काटे जा सकते हैं।
राशन, पेंशन और मनरेगा का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि आज पंचायती राज की योजनाओं को वोटर ID से जोड़ने की बात हो रही है, तो कल राशन, पेंशन, मनरेगा, आवास, छात्रवृत्ति और आरक्षण का क्या होगा? उन्होंने कहा कि किसी गरीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। वोट देना नागरिक का अधिकार है, किसी योजना का लाभ पाने की शर्त नहीं। राहुल ने कहा कि अगर किसी का नाम वोटर लिस्ट से कटता है तो उसका वोट और सरकारी योजनाओं का हक भी प्रभावित हो सकता है।
ललन सिंह ने क्या कहा था?
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पंचायती राज के एक कार्यक्रम में कहा था कि अब लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वोटर कार्ड के EPIC नंबर से मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि आधार वाला सिस्टम खत्म होने जा रहा है। ललन सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब SIR को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है। राहुल गांधी ने इसी बयान को SIR से जोड़ते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल, ललन सिंह के बयान पर सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


