मेडिकल सेक्टर में हड़कंप! 29 लाइसेंस रद्द, 71 सस्पेंड: जानिए किस वजह से एफडीए ने उठाया यह कड़ा कदम

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 24 अक्टूबर 2026:
 महाराष्ट्र में अवैध दवाओं और कॉस्मेटिक्स के कारोबार पर लगाम कसने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में व्यापक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। 5 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए दो सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान एफडीए की टीमों ने कुल 937 ठिकानों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दवा निर्माताओं, ब्लड सेंटरों और दवा विक्रेताओं के खिलाफ कड़े प्रशासनिक कदम उठाए गए।

ad

29 लाइसेंस रद्द, 71 निलंबित

एफडीए के ड्रग्स विभाग ने जांच में खामियां और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कुल 100 लाइसेंसों पर सीधी कार्रवाई की। इसमें से 29 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए, जबकि 71 लाइसेंसों को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। अचानक हुई इस विभागीय सख्ती के बाद से पूरे प्रदेश के मेडिकल व दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

youtube

जालना, पुणे और नागपुर समेत 5 जगह बड़ी छापेमारी

अभियान के दौरान जालना, नागपुर, पुणे और पालघर जिलों में अवैध दवाओं व कॉस्मेटिक्स के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पांच बड़े छापेमारी ऑपरेशन चलाए गए। इन छापों के दौरान एफडीए की टीमों ने करीब 28.52 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध और अवैध माल जब्त किया है।

प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवा नाइट्राजेपाम पर एक्शन

एफडीए ने प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवा ‘नाइट्राजेपाम’ की अवैध खरीद-बिक्री के गिरोह पर भी शिकंजा कसा। इस मामले में संलिप्तता पाए जाने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

21 दवाओं के सैंपल जांच में फेल, बाजार से वापस बुलाने के निर्देश

विशेष अभियान के दौरान मुंबई, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर स्थित एफडीए की अधिकृत प्रयोगशालाओं में दवाओं के 279 नमूनों की जांच की गई। लैब रिपोर्ट में 21 नमूने तय गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके बाद विभाग ने संबंधित कंपनियों के घटिया उत्पादों को तुरंत बाजार से वापस मंगाने (रिकॉल) के कड़े निर्देश जारी किए हैं। एफडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नकली और घटिया दवाओं की बिक्री रोकने के लिए आगे भी ऐसे अचानक निरीक्षण जारी रहेंगे।