स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 अक्टूबर 2026: रायपुर में 25 अक्टूबर 2026 को भाजपा की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। उनके नियुक्ति के बाद पहले छत्तीसगढ़ दौरे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) राजधानी में मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। इसकी तैयारी को लेकर 22 अक्टूबर को भाजयुमो रायपुर शहर जिला के पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।
25 अक्टूबर को निकलेगी मोटरसाइकिल रैली
बैठक में स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी ने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक युवाओं को मोटरसाइकिल रैली में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा प्रभारियों के पहले रायपुर आगमन पर स्वागत कार्यक्रम में पूरी ताकत से भाग लेगा। बैठक में मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। आयोजन का उद्देश्य स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू के आगमन पर भव्य स्वागत करना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने से प्रदेश संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। स्मृति ईरानी भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों के पहले प्रदेश दौरे को लेकर पार्टी के युवा मोर्चा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, भाजयुमो प्रदेश मंत्री विशाल पांडेय, कन्या शक्ति संयोजिका अनु ठेठवार चटर्जी, जिला महामंत्री शंकर साहू, राज गायकवाड़ और बृजेश अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजयुमो उपाध्यक्ष अन्वेष पांडेय, विशाल शुक्ला, मुकुंद ठाकुर और गुरमीत सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी तथा विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री और कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।


