स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 अक्टूबर 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। गुरुवार को वे रायपुर में शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान रायपुर के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
माता साहिब हासी देवी के सम्मान में जारी होगा सिक्का
राष्ट्रपति रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में माता साहिब हासी देवी के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इस मौके पर विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। माता साहिब हासी देवी शदाणी दरबार की पीठाधीश थीं। यह आयोजन उनकी 200वीं जयंती के अवसर पर हो रहा है।
स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में किया गया है। इसका वजन 35 ग्राम है। कार्यक्रम में 200 से अधिक विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। सिंधी समाज इस आयोजन को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के रूप में देख रहा है।
रायपुर में इन इलाकों में ट्रैफिक पर असर
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। एयरपोर्ट से लोकभवन और वहां से बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम तक राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान रास्ते रोके जाएंगे।शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा के इलाकों में लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। इन क्षेत्रों से गुजरने वाले लोगों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की जरूरत पड़ सकती है।
शाम 4 बजे ‘सेवा सम्मान पर्व’ में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। ये कार्यक्रम नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हैं।
23 अक्टूबर को जगदलपुर में मुरिया दरबार
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।


