खारुन नदी में दुर्गा विसर्जन पर रोक, 24 घंटे में करना होगा ये काम

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 अक्टूबर 2026:
रायपुर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सीधे खारुन नदी में नहीं किया जा सकेगा। नगर निगम ने प्रतिमाओं को नदी के पास बने निर्धारित कुंड में विसर्जित करने के निर्देश दिए हैं। विसर्जन से पहले पूजा सामग्री अलग करनी होगी और कुंड से प्रतिमाओं का मलबा, बांस-बल्लियां व अन्य सामग्री 24 घंटे के भीतर निकालनी होगी। यह व्यवस्था नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) और राज्य शासन के निर्देशों के पालन के लिए की गई है।

ad

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने दशहरा उत्सव और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं के लिए आठ अधिकारियों की समिति बनाई है। समिति विसर्जन कुंड पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ व्यवस्था की निगरानी करेगी।

youtube

विसर्जन कुंड पर लाइट, माइक और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था

नगर निगम ने विसर्जन कुंड की समग्र व्यवस्था के लिए समिति गठित की है। इसमें अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 आयुक्त संतोष पांडेय, जोन-5 आयुक्त राकेश शर्मा और जोन-6 आयुक्त प्रीति सिंह शामिल हैं। इसके अलावा प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जलकार्य के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र और विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता संदीप शर्मा को भी समिति में शामिल किया गया है।समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, लाइट, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करेगी। जोन आयुक्तों को पानी और प्रकाश व्यवस्था सहित संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

20 अक्टूबर को इन जगहों पर होगा रावण दहन

नगर निगम ने 20 अक्टूबर को होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के लिए भी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। रावण दहन रावणभाठा, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड में होगा।इन स्थानों पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, मैदान समतलीकरण और पहुंच मार्गों की सफाई की जिम्मेदारी संबंधित जोन आयुक्तों को दी गई है।

प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस से समन्वय

नगर निगम ध्वनि और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय करेगा। विसर्जन के बाद कुंड से मलबा और अन्य सामग्री समय पर हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पानी प्रदूषित न हो।