त्योहार पर मिठाई खरीदने से पहले सावधान, रायपुर में 4 दुकानों पर कार्रवाई

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 अक्टूबर 2026: त्योहारों पर मिठाई खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। रायपुर में खाद्य विभाग की जांच में मिठाइयों पर मरे कॉकरोच और कीड़े मिले। चाशनी में फफूंद और मकड़ी के जाले भी पाए गए। शनिवार को हुई कार्रवाई में चार प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए। टीम ने करीब 150 किलो मिठाइयां नष्ट कराईं और 12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे।

ad

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने तेलीबांधा की तीन मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का औचक निरीक्षण किया। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।

youtube

मिठाई की दुकानों में कहां मिली गंदगी?

तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स में मिठाई बनाने की जगह पर गंदगी मिली। दीवारों से रंग उखड़ रहा था और फ्रीजर में पुरानी मिठाइयां भरी थीं। कई खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई थी। मां अंबे में चाशनी पर मकड़ी के जाले मिले। परिसर में गंदे कपड़े पड़े थे। मिठाइयों के बीच मरे कॉकरोच और कीड़े भी पाए गए। वहीं, स्वीट हट एंड बेकरी के कोल्ड स्टोरेज में गंदगी के बीच रखी चमचम मिठाई में कीड़े मिले।

150 किलो मिठाई नष्ट, पनीर भी जब्त

पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा के किचन और बर्तन धोने वाली जगह पर भी गंदगी मिली। यहां पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर करीब 150 किलो मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया। रायपुर ढाबा से लगभग 50 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।

रजनीकांत की जेलर 2 का बॉक्स ऑफिस पर तूफान: रिलीज के सिर्फ 3 दिन में कमाए 300 करोड़ से ज्यादा, तोड़े कई रिकॉर्ड्स

12 खाद्य नमूनों की होगी जांच

विभाग ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेना मिठाइयों समेत 12 नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट करीब 14 दिनों में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने बताया कि चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। संचालकों को तीन दिन दुकानें बंद रखकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

कोलकाता में महासप्तमी की शाम बड़ा हादसा: चोरबागान पूजा पंडाल में बारिश के बीच अचानक मची भगदड़, 17 मौतों की सूचना

मिठाई में गंदगी मिले तो यहां करें शिकायत

त्योहारी सीजन में मिठाई या किसी अन्य खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो, तो खाद्य एवं औषधि प्रशासन की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत कर सकते हैं। लाइसेंस निलंबित दुकानों को कमियां दूर करने के बाद विभाग में पालन प्रतिवेदन देना होगा। सुधार नहीं होने पर निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है। दूषित भोजन से फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मिठाई खरीदते समय दुकान की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव पर भी ध्यान दें।