स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आएंगी। वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की प्रमुख रस्म मुरिया दरबार में शामिल होंगी और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी। अपने कार्यकाल में दूसरी बार बस्तर आने वाली वे देश की पहली राष्ट्रपति होंगी। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले 7 फरवरी 2026 को जगदलपुर आई थीं। उस दौरान उन्होंने बस्तर की लोक-संस्कृति, हस्तशिल्प और खान-पान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले आयोजन ‘बस्तर पंडुम 2026’ का शुभारंभ किया था। उन्होंने कार्यक्रम में युवाओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद भी किया था।
मुरिया दरबार में क्या होगा खास?
मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्मों में शामिल है। इस पारंपरिक आयोजन में माझी-चालकी और ग्रामीण अपनी समस्याएं व विचार रखते हैं। इसे आदिवासी समाज की पारंपरिक संवाद व्यवस्था के रूप में देखा जाता है। राष्ट्रपति मुर्मू 23 अक्टूबर को इसी आयोजन में शामिल होंगी।
पहले भी बस्तर आ चुके हैं देश के राष्ट्रपति
बस्तर में इससे पहले भी देश के राष्ट्रपति दौरे पर आ चुके हैं। उपलब्ध विवरण के मुताबिक, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद भी बस्तर आए थे, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने 2004 में जगदलपुर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से मुलाकात की थी। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 25 और 26 जुलाई 2018 को दो दिवसीय दौरे पर बस्तर पहुंचे थे, वे यहां रात रुकने वाले देश के पहले राष्ट्रपति बने थे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने दिव्यांग बच्चों के संस्थान ‘सक्षम’ का दौरा किया और ग्रामीणों के साथ भोजन भी किया था।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा प्रशासन
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा उच्चस्तरीय बैठकों में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों का ध्यान सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल और लोगों के बैठने की व्यवस्था पर है। लालबाग मैदान में मंच निर्माण के साथ वीआईपी और आम लोगों के प्रवेश व निकास की व्यवस्था की जा रही है। पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजामों का भी जायजा लिया जा रहा है। राष्ट्रपति के 23 अक्टूबर के दौरे के लिए प्रशासनिक तैयारियां जारी हैं। उनके कार्यक्रम में मुरिया दरबार में शामिल होना और लालबाग मैदान की आमसभा प्रमुख रूप से शामिल हैं।


