मायावती को झटका देने की तैयारी में सपा? बसपा के इस पूर्व नेता की अखिलेश से गुप्त बैठक

Majid Ali Akhilesh Yadav meeting

स्वतंत्र बोल
लखनऊ / सहारनपुर 16 अक्टूबर 2026 :
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से निष्कासित किए गए नेता माजिद अली ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद से माजिद अली के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं, जिसकी पुष्टि खुद माजिद अली ने भी कर दी है। सहारनपुर से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ चुके माजिद अली को पार्टी विरोधी बयानों और पारिवारिक टिप्पणियों के चलते बसपा से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। अखिलेश यादव से सकारात्मक चर्चा के बाद अब उन्होंने अपने समर्थकों से विचार-विमर्श करके नवरात्र के बाद सपा का दामन थामने का ऐलान किया है।

ad

क्यों बसपा से निष्कासित हुए थे माजिद अली?

माजिद अली लोकसभा चुनाव 2024 में सहारनपुर सीट से बसपा के टिकट पर मैदान में उतरे थे। हालांकि, चुनाव के बाद उनके भाई केआरके द्वारा पार्टी प्रमुख मायावती के खिलाफ कथित तौर पर तीखी टिप्पणियां की गई थीं, जिसके बाद बसपा सुप्रीमो ने सख्त कार्रवाई करते हुए माजिद अली को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बसपा से बाहर होने के बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, और अब सपा प्रमुख से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।

youtube

‘बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई, लक्ष्य यूपी में सरकार बदलना’

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए माजिद अली ने बताया कि सपा प्रमुख के साथ उनकी बैठक बेहद सकारात्मक माहौल में हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बदलना उनका और उनके साथियों का मुख्य लक्ष्य है। माजिद ने स्पष्ट किया कि वे अपने सभी करीबियों और समर्थकों से सलाह-मशविरा करने के बाद नवरात्र के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके इस कदम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।