स्वतंत्र बोल
किन राज्यों में लागू हो चुका है UCC?
गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता को पहले ही लागू किया जा चुका है। वर्तमान में एनडीए गठबंधन देश के 19 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों (कुल 21 इकाइयों) में सत्ता में है, जिनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और असम शामिल हैं। इनमें से उत्तराखंड, गुजरात और असम में यूसीसी पहले ही लागू हो चुका है। वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने यूसीसी का मसौदा तैयार करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है।
तीन तलाक खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को दिया समान अधिकार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गृह मंत्री ने पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को समाज में समान अधिकार और न्याय दिलाने का काम किया है। शाह ने भरोसा जताया कि आने वाले सालों में बाकी बचे एनडीए शासित राज्यों में भी यूसीसी लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।
17 सितंबर से शुरू होगा 30 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से देशभर में 30 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने का भी ऐलान किया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश की हर प्रशासनिक इकाई में चलाया जाएगा। पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में संपूर्ण एनडीए गठबंधन और स्वयंसेवी संगठन एक साथ मिलकर इस राष्ट्रव्यापी अभियान का संचालन करेंगे।
नक्सलवाद का खात्मा और राम मंदिर का निर्माण
गृह मंत्री ने केंद्र सरकार की अन्य प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि संवेदनशील इलाकों से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना सरकार की बड़ी रणनीतिक और ऐतिहासिक सफलताओं में शामिल है। शाह ने कहा कि देश में बहुत कम ऐसे नेता हुए हैं जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्षों तक देश की जनता की सेवा की हो।


