रायपुर। देशभर में रविवार को आयोजित री NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान छत्तीसगढ़ के कई परीक्षा केंद्रों पर हंगामे की स्थिति देखने को मिली। एक ओर हजारों अभ्यर्थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर रायपुर और जगदलपुर में हुए घटनाक्रम ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष करीब 45 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं। पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि राजधानी रायपुर में 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन के अनुसार अभ्यर्थियों की कड़ी जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
इसी बीच रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय परीक्षा केंद्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक छात्र को प्रारंभिक जांच के बाद केंद्र में प्रवेश दे दिया गया। छात्र करीब 15 मिनट तक केंद्र के अंदर रहा, लेकिन बाद में अधिकारियों ने उसे यह कहकर बाहर भेज दिया कि उसका परीक्षा केंद्र कोई दूसरा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से छात्र और उसके परिजनों में नाराजगी फैल गई तथा केंद्र के बाहर विवाद की स्थिति बन गई।
उधर जगदलपुर के पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर भी माहौल गर्म रहा। यहां NSUI कार्यकर्ता कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया में लगभग आधा घंटा लग रहा था। प्रशासन की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर छात्रों को समय से पहले केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी जा रही थी, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए गए, लेकिन रायपुर और जगदलपुर में हुए घटनाक्रम पूरे दिन चर्चा का विषय बने रहे।


