खेत बेचकर रखे थे लाखों रुपये, फिर मिली लाश… एक हफ्ते बाद सामने आया दोस्ती के पीछे छिपा खूनी खेल

 

ad

तखतपुर। क्षेत्र में एक सप्ताह पहले खेत में मिली व्यापारी की लाश की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआत में यह मामला रहस्यमय मौत नजर आ रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो ऐसा खौफनाक सच सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। पैसों के लालच में रची गई साजिश के तहत आरोपी ने व्यापारी को जंगल ले जाकर मौत के घाट उतार दिया और नकदी लेकर फरार हो गया।

youtube

जानकारी के अनुसार बासाझांल जमुनाही पारा निवासी भूवन सिंह ध्रुव का शव 13 जून को एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की हत्या कैसे हुई और इसके पीछे कौन है, यह पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो की जानकारी मिली, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पुलिस ने ऑटो चालक की तलाश शुरू की और आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई।

पूछताछ में आरोपी मनपहरी निवासी अशोक श्रीवास ने जो खुलासा किया, उसने हत्या की पूरी साजिश उजागर कर दी। आरोपी को जानकारी थी कि भूवन सिंह ने हाल ही में अपनी जमीन बेचकर बड़ी रकम प्राप्त की है। इसी रकम को हथियाने के लिए उसने हत्या की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार 13 जून को आरोपी ने भूवन सिंह को अपने ऑटो में बैठाया और बहाने से जंगल की ओर ले गया। वहां दोनों ने शराब पी। जब भूवन सिंह नशे में हो गया तो आरोपी ने उससे पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पास पड़े भारी पत्थर से उसके सीने पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मृतक के पैसे लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी अशोक श्रीवास के खिलाफ हत्या और लूट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है कि लालच ने एक व्यक्ति को किस हद तक अपराधी बना दिया।