आधी रात के बाद घर में क्या हुआ? फंदे पर लटकी मिली प्रधान आरक्षक की लाश, पुलिस महकमे में सनसनी

स्वतंत्र बोल
खैरागढ़ 06 जून 2026: जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव का शव उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

ad

जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपने परिवार के साथ खैरागढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा इलाके में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि शीतल यादव घर के हॉल में मौजूद थे। सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन रात के बाद ऐसा क्या हुआ, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

youtube

बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली। जब वह हॉल की ओर पहुंचीं तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शीतल यादव गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। घटना देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच के लिए दुर्ग से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

प्रधान आरक्षक शीतल यादव के निधन की खबर से पुलिस विभाग में गहरा शोक है। सहकर्मियों और परिचितों के बीच इस घटना को लेकर स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।