स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 मई 2026: राजनीति के गलियारों में उस वक्त हर कोई चौंक गया, जब बेमेतरा के युवा विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को लेकर ऐसा फैसला लिया, जिसकी अब पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। आमतौर पर नेताओं की शादियों में करोड़ों की चमक-दमक और वीआईपी तामझाम देखने को मिलता है, लेकिन दीपेश साहू ने इससे बिल्कुल अलग रास्ता चुन लिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद X पोस्ट कर युवा विधायक की जमकर तारीफ की है। CM साय ने कहा कि जब कोई जनप्रतिनिधि अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देता है, तो वह सिर्फ विवाह नहीं करता, बल्कि समाज के सामने एक नई मिसाल भी पेश करता है।
दरअसल, विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों में हलचल मचा दी है। लोग इस कदम को सादगी, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी सोच से जोड़कर देख रहे हैं।
CM साय ने अपने संदेश में कहा कि दीपेश साहू का यह निर्णय समाज को यह संदेश देता है कि विवाह जैसे पावन संस्कार को दिखावे और अनावश्यक खर्च से दूर रखकर संस्कार, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम युवाओं और परिवारों को सरल और संस्कारित जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने विधायक दीपेश साहू और उनकी जीवनसंगिनी को नवदाम्पत्य जीवन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। अब प्रदेशभर में इस अनोखी शादी की चर्चा तेज हो गई है और लोग इसे राजनीति में बदलती सोच का बड़ा संकेत मान रहे हैं।


