ओवरलोड रेत, बिना नंबर और लापरवाह ड्राइविंग… सड़क पर दौड़ रहा था ‘चलता खतरा’, पुलिस ने किया बड़ा एक्शन

स्वतंत्र बोल
धमतरी 27 मई 2026: धमतरी जिले में यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत भखारा पुलिस ने एक ऐसे हाईवा चालक को पकड़ा, जिसकी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। पुलिस ने जब वाहन रोका तो एक के बाद एक कई गंभीर नियम उल्लंघन सामने आ गए।

ad

मामला ग्राम भखारा स्थित कोलियारी मोड़ का है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर एक तेज रफ्तार हाईवा पर पड़ी। बताया जा रहा है कि चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था।

youtube

पुलिस ने तुरंत हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CA 9995 अशोक लेलैंड 10 चक्का को रुकवाया। पूछताछ के दौरान चालक शाहिल वर्मा पुलिस को वाहन के जरूरी दस्तावेज तक नहीं दिखा सका।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस भी हैरान रह गई। हाईवा में निर्धारित क्षमता से करीब 3 टन 830 किलो अधिक रेत भरी हुई थी। इतना ही नहीं, वाहन के पीछे नंबर भी अंकित नहीं था और कई अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी चालक शाहिल वर्मा, निवासी ग्राम पाहंदा थाना रानीतराई जिला दुर्ग, के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में इस्तगासा तैयार कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

धमतरी पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जिलेभर में लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और नियमों का पालन करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही किसी की भी जान ले सकती है।