रायपुर/कवर्धा। कवर्धा शहर को मंगलवार को एक बड़ी सौगात मिली, जब उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने शहर के बीचोंबीच नवनिर्मित “मित्र मिलन चौपाटी” का भव्य लोकार्पण किया। यह चौपाटी सिर्फ खानपान का नया केंद्र नहीं, बल्कि उन छोटे फुटकर व्यापारियों के लिए नई जिंदगी की शुरुआत मानी जा रही है जो अब तक सड़कों और चौक-चौराहों पर असुरक्षित हालात में व्यवसाय करने को मजबूर थे।
नई चौपाटी के शुरू होते ही शहरवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस चौपाटी में लोगों को एक ही स्थान पर अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट व्यंजन मिल सकेंगे। परिसर को आकर्षक रंग-रोगन, आधुनिक सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया है। इसके साथ ही पार्किंग, शुद्ध पेयजल और सर्वसुविधायुक्त शौचालय जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “मित्र मिलन चौपाटी” कवर्धा के परिवारों और युवाओं के लिए नया आकर्षण केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छोटे गुमटी व्यवसायियों को अब स्थायी और सुरक्षित स्थान मिला है, जिससे उनका रोजगार सुरक्षित होगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस दौरान विजय शर्मा ने शहर में चल रहे कई बड़े विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीर स्तंभ चौक और शिवाजी चौक का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि भोरमदेव कॉरिडोर और मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से जारी है। इसके अलावा भोजली तालाब पाथवे चौड़ीकरण, हनुमंत वाटिका निर्माण और ठाकुरदेव चौक से बस स्टैंड तक सुगम मार्ग विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कवर्धा को आधुनिक, स्वच्छ और धूल-रहित शहर बनाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। बाईपास को जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से गौरव पथ का निर्माण भी किया जा रहा है।
शिक्षा और युवाओं को लेकर भी सरकार बड़े कदम उठा रही है। विजय शर्मा ने बताया कि भोरमदेव विद्यापीठ में युवाओं को पीएससी और व्यापम की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। साथ ही जिले के 50 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू की जा चुकी है।
नगर पालिका अध्यक्ष Chandra Prakash Chandravanshi ने कहा कि चौपाटी बनने से शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले से अधिक व्यवस्थित होगी और फुटकर व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।


