राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज, दूसरी शादी का लगा आरोप

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 09  मई 2025:
 राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश रगड़े के खिलाफ उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपने पति पर घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज और दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इस मामले में आजाद चौक थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि उसके पति उमेश रगड़े

रोजाना उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते रहते थे। प्रारंभ में महिला द्वारा आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, लेकिन उस समय पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़िता ने सीधे एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी लाल उम्मेद सिंह से मुलाकात की और अपना पक्ष विस्तार से रखा।

पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल आजाद चौक थाने को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि मामले में अपराध दर्ज किया जाए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उमेश रगड़े के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 351(2), और 82(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उमेश रगड़े राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रदेश अध्यक्ष हैं, ऐसे में यह मामला काफी संवेदनशील और चर्चित बन गया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच महिला ने प्रशासन से न्याय की मांग की है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई है।