बिजली मूल्य वृद्धि पर भड़के रमन सिंह, बिल हाफ करने का वादा करके मुकरी कांग्रेस सरकार,अब तक 4 बार बढ़ा चुके दाम

राजनांदगांव 14 सितम्बर 2022: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह बुधवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर राजनांदगांव पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली बिल हाफ करने का वादा करने वाली सरकार ने पिछले 4 सालों में 4 बार बिजली का बिल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल में 30 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी हुई है। रमन सिंह ने कहा कि बिजली बिल चुकाना आज गरीबों के लिए मुश्किल हो गया है।

उदाहरण देते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि अगर किसी का बिजली बिल पहले 900 रुपए आता था, तो अब 1300 रुपए के करीब आएगा। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार में महंगाई बढ़ती जा रही है। इस बार जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी। रमन सिंह ने कहा कि भूपेश सरकार ने इतने वादे किए चुनाव के समय में, जिसमें से अधिकतर अधूरे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
देवदूत बने नगर सैनिक और SDRF : महिला ने नदी किनारे बच्चे को दिया जन्म, बाढ़ को लांघ किया जच्चा-बच्चा का सुरक्षित रेस्क्यू
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी को भारत जोड़ो नहीं बल्कि कांग्रेस जोड़ो यात्रा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी 27 सालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बदल सकती, भला वो देश में क्या परिवर्तन लाएगी और क्या विकास करेगी। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस की सरकार 18 से 20 राज्यों में होती थी, अब केवल 2 राज्यों में है। रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस का खेल खत्म होने का समय आ गया है। अगले साल चुनाव हैं और जनता अधूरे वादों के कारण आक्रोशित है।

बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक

आज रमन सिंह ने राजनांदगांव में सनसिटी स्थित अपने निवास में बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक भी ली। जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी शिरकत की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। रमन सिंह ने कहा कि 17 सितंबर 2 अक्टूबर तक जन्मदिन पखवाड़ा मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान 2 लाख यूनिट ब्लड भाजयुमो और सहयोगी डोनेट करेंगे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा।

error: Content is protected !!