छत्तीसगढ़ के ‘गांधी’ से मिलेंगे राहुल गांधी… 1026 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पहुंचे फिर भी नहीं मिल सके….धरना देने के बाद मिला समय

बिलासपुर 6 सितम्बर 2022: छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की मांग को लेकर बिलासपुर के गांधी के रूप में पहचान बनाने वाले संजय आयल सिंघानी राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। वो 1026 किमी पदयात्रा कर बिलासपुर से दिल्ली गए थे। पदयात्रा करने के बाद उन्होंने इंडिया गेट में धरना दिया। फिर 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने भी धरना दिया। तब जाकर उन्हें राहुल गांधी ने 18 सितंबर को चार सदस्यों के साथ मिलने के लिए समय मिला है।

तिफरा के यदुनंदनगर निवासी संजय आयल सिंघानी कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की मांग कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने महात्मा गांधी का रूप धारण किया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य मंत्रियों से मुलाकात की। इसके साथ ही नेहरू चौक में तीन महीने तक धरना दिया। अब संजय आयल सिंघानी पिछले 15 अगस्त को बिलासपुर से दिल्ली तक पैदल यात्रा पर निकल गए। दिल्ली में उन्होंने अपनी मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने की योजना बनाई थी। लेकिन, पदयात्रा करने के बाद भी उनकी राहुल से मुलाकात नहीं हो पाई।

संजय आयल सिंघानी महात्मा गांधी का वेश में धोती, बनियान और लाठी लेकर पैदल निकले थे। पेंड्रा, गौरेला होते हुए अनूपपुर-शहडोल मैहर, झांसी होते हुए उन्होंने 1026 किमी पदयात्रा कर दिल्ली का सफर पूरा किया। 4 सितंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद पहले वे 10 जनपथ स्थित राहुल गांधी के निवास पहुंचे, जहां उन्हें मिलने नहीं दिया गया। फिर इंडिया गेट में धरना दिया, तब पुलिस वालों ने उन्हें हटा दिया और 24 अकबर रोड में राहुल गांधी से मुलाकात होने की जानकारी दी। इसके बाद वे कांग्रेस मुख्यालय गए, जहां राहुल से मुलाकात नहीं हुई, तो वे सामने फिर धरने में बैठ गए।

18 अगस्त को मिलेंगे राहुल गांधी
संजय आयल सिंघानी ने बताया कि राहुल गांधी के करीबियों ने उन्हें बताया कि उन्होंने राहुल गांधी तक उनकी बात पहुंचा दी है। राहुल गांधी ने उन्हें चार सदस्यों के साथ 18 सितंबर को मिलने का समय दिया है। राहुल गांधी से समय मिलने के बाद संजय आयल दिल्ली से बिलासपुर आने के लिए निकल गए हैं। बुधवार की सुबह वे बिलासपुर पहुंच जाएंगे। इसके बाद 18 सितंबर को दोबारा राहुल से मिलने दिल्ली जाएंगे।

राहुल ने छत्तीसगढ़ में शराब बंदी का दिया था भरोसा
संजय आयल सिंघानी ने बताया कि वे खुद कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान जब राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आए थे, तब उन्होंने प्रदेश में शराबबंदी की बात कही थी और राज्य की जनता को शराबबंदी कराने का भरोसा दिलाया था। यही वजह है कि वे राहुल गांधी से मिलकर उनका वादा याद दिलाना चाहते हैं। राहुल से मुलाकात होने पर वे प्रदेश में शराबबंदी करने की मांग करेंगे।

error: Content is protected !!