जशपुर 5 अक्टूबर 2022: जशपुर जिले में छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित नीमगांव और इसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करेगी। छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला छग-झारखंड के बॉर्डर पर स्थित है। इसकी वजह से यहां के गांवों में झारखंड से आने वाले मवेशी तस्कर और अपराधी वारदातों को अंजाम देकर बहुत आसानी से सीमा पार कर अपने राज्य चले जाते हैं और उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है।
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
रविवार को इसे लेकर जशपुर पुलिस अधीक्षक डी रविशंकर ने नीमगांव में एक बैठक भी की थी, जिसमें 10 गांवों के लोग शामिल हुए थे। लेकिन बैठक के ठीक एक दिन बाद ही सोमवार शाम को नीमगांव के ग्रामीणों की भीड़ ने बकरी चोरी के शक में झारखंड के एक युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। झारखंड राज्य के गुमला जिले में कत्ल की ये वारदात हुई थी। चोरी के शक में जशपुर के नीमगांव से युवकों को दौड़ाते हुए सैकड़ों लोगों की भीड़ गुमला के जारी थाना क्षेत्र में घुस गई थी और बाइक से बकरी लेकर जा रहे दो युवकों को पकड़ लिया था। इनमें से एक युवक तो किसी तरह बाइक से फरार होने में कामयाब हो गया था, लेकिन दूसरा आरोपी गांववालों के हत्थे चढ़ गया था, जिसकी पिटाई गांववालों ने कर दी थी।
आरोपी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद बॉर्डर इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की तत्काल जरूरत महसूस की गई। घटना के बाद भी गांव में पुलिस जवान तैनात रहे और गश्त करते रहे। वहीं जल्द ही पतराटोली में पुलिस बैरियर भी स्थापित करने की कवायद चल रही है। रविवार को हुई बैठक में ग्रामीणों ने एसपी डी रविशंकर को बताया था कि मवेशी तस्करों की सक्रियता बीते कुछ समय से काफी बढ़ी है। झारखंड से आने वाले संदिग्ध लोग मवेशियों को चुरा कर ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि तस्करों के साथ ही संदिग्ध लोग भी इन दिनों नजर आने लगे हैं।
इस पर एसपी ने अधिकारियों को नीमगांव और आसपास के इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने झारखंड से आ रहे तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। उन्होंने कहा कि पतराटोली गांव में पुलिस बैरियर स्थापित होने से वाहनों की जांच के साथ ही झारखंड से आने वाले लोगों पर भी नजर रखने में मदद मिलेगी।
ऑनलाइन ठगी और यातायात सुरक्षा की भी दी जानकारी
एसपी डी रविशंकर ने ग्रामीणों को ऑनलाइन होने वाली ठगी की घटनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एटीएम में रुपए निकालने के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से सहायता नहीं लेने, मोबाइल पर आए ओटीपी, पासवर्ड शेयर नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखें कि बैंक और वित्तीय संस्थाएं कभी भी फोन पर अकाउंट संबंधी जानकारी नहीं मांगती हैं।
एसपी डी रविशंकर ने सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन को सुरक्षित गति पर चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। गति से अधिक जरूरी जीवन की सुरक्षा होती है। उन्होंने अभिव्यक्ति एप की जानकारी देते हुए महिलाओं से इसे डाउनलोड करने की अपील भी की।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ ग्राम खेल समिति का नाम, कबीरधाम पुलिस ने किया है गठित
