नसबंदी के बाद शादीशुदा युवती की मौत, फिर हंगामा,परिजन बोले-डॉक्टर की लापरवाही से जान गई, CMHO ने जांच टीम बनाई

दुर्ग 23 सितम्बर 2022: दुर्ग जिले के उतई में आयोजित नसबंदी कैंप में नसबंदी करने के बाद एक शादीशुदा युवती की तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। युवती के पति ने आरोप लगाया है कि नसबंदी करते समय डॉक्टर की लापरवाही से उसकी पत्नी की मौत हुई है। कोतवाली पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

कोलिहापुरी निवासी राजेश साहू ने बताया कि गुरुवार को उतई में नसबंदी कैंप लगा था। इस कैंप में नसबंदी कराने के लिए उसकी 24 वर्षीय पत्नी दिलेश्वरी साहू भी गई थी। जब वह कैंप पहुंची तो पूरी तरह से ठीक थी। डॉक्टर ने उसकी नसबंदी भी कर दी। उसके बाद से उसकी तबीयत खराब होने लगी।

4 साल में 54 लोगों की मौत: स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव बोले- बस्तर के 80 प्रतिशत लोगों में खून की कमी,2022 में सबसे ज्यादा मौतें

कैंप में प्राथमिक उपचार के बाद जब तबीयत अधिक बिगड़ी तो उसे तुरंत इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दिलेश्वरी ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया, गलत तरीके से नसबंदी करने का आरोप डॉक्टर पर लगाया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों को दिया गया मुआवजा

खबर मिलने पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। जिला प्रशासन ने परिजनों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया और मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल जाएगा कि महिला की मौत किस वजह से हुई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ सीएमएचओ ने जांच के लिए एक टीम गठित की है।

error: Content is protected !!