छत्तीसगढ़ में शहर से गांव तक कोहरे की चादर: दुर्ग जिले में 9 डिग्री तक लुढ़का पारा,दो दिनों तक ऐसे ही रहेगा मौसम का मिजाज

भिलाई 4 जनवरी 2023: छत्तीसगढ़ के मौसम ने फिर अचानक करवट ली है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सुबह से हो रही हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। शहर से लेकर गांव तक कोहरा छाया हुआ है। दुर्ग जिले के तापमान में 9 डिग्री की गिरावट आई है। ठंड के बीच लोग घर से रेन कोट और छाता लेकर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक कल 5 जनवरी को भी दुर्ग जिले का तापमान ऐसी ही बना रहेगा।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ऐसी स्थिति बनी है। बुधवार को बारिश होने से दुर्ग जिले के तापमान में गिरावट आई है। वहीं अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 3 डिग्री तक लुढ़का है। न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई है।

दुर्ग में सुबह से ही बादल छाए रहे और कोहरा देखने को मिला। शहरी क्षेत्रों में जहां कम कोहरा है तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा काफी अधिक बताया जा रहा है। दुर्ग जिले की बात करें तो मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं बुधवार सुबह यहां का तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया है।

रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने के साथ ही साथ ही हल्की बारिश भी हुई। इसके चलते ठंड में बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा, घना कोहरा के साथ घना कोहरा के साथ कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हो सकती। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी इससे ठंड और बढ़ेगी।

रायपुर में भी सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है। शहर में अब भी कोहरा छाया हुआ है। मौसम में अचानक हुए बदलाव से जाती हुई ठंड फिर से लौट आई है। मौमस विभाग के अधिकारी अभी ऐसी ही स्थिति रहने की बात कह रहे हैं।

दो दिनों तक रहेगी ऐसी स्थिति

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार व गुरुवार को प्रदेश के सरगुजा, पेंड्रा रोड, जांजगीर, बिलासपुर, कोरबा, कवर्धा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाएगा। कोहरे के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है,साथ ही वाहन भी धीमी गति से चलाएं। विभाग के अनुसार शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठिठुरन और बढ़ेगी।

10 साल में पहली बार ऐसा मौसम,सरगुजा के पहाड़ डूबे कोहरे में, सन्ना-पंडरापाठ में पारा 2.5 डिग्री

error: Content is protected !!