अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों का सम्मान, प्रदेश भर में दुर्ग जिला अव्वल, मंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर 04 दिसंबर 2022.  अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर राजधानी के स्थित जोरा ग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस समारोह 2022 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया शामिल हुए। उत्कृष्ट कार्य के लिए 8 विभिन्न श्रेणियों में दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार और 20 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक कृत्रिम बायोनिक हाथ, कृत्रिम पैर निःशुल्क प्रदान किया गया।

निःशक्तजन के कल्याण हेतु उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वाेत्तम जिला श्रेणी में दुर्ग जिले को राज्य स्तरीय पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया गया। समारोह में दुर्ग कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र मीणा ने शील्ड, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। अतिथियों ने बुजुर्गजन, दिव्यांगजन एवं उभयलिंगी समुदाय के लिए हेल्पलाईन सेंटर का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की डोर-टू-डोर सर्वेक्षण की अंतरिम डाटा संकलन पुस्तिका का विमोचन किया गया। समाज कल्याण मंत्री श्रीमती भेंडिया ने अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि
“हर दिव्यांग के सुख-दुख में राज्य सरकार साथ खड़ी है, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में दिव्यांगजन के लिए कई काम किये जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में दिव्यांगों के लिए नौकरी में 7 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही राज्य में नौकरी में बड़ी संख्या में दिव्यांगों को भी रखा गया है, जिसकी सराहना केंद्र ने भी की है।”
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि

“दिव्यांगता की चुनौतियों से निपटने के उपाय और समाज के लिए दिव्यांगों का और दिव्यांगों के लिए समाज का योगदान क्या हो इस पर हमें गौर करने की जरूरत है। राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगों के सशक्तिकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। “
बैंगलोर से आए डॉ. पाशा गुरूजी की टीम ने व्हीलचेयर पर शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी। इस नृत्य की खास बात यह है कि इसके नर्तक मूकबधिर है, परन्तु संगीत की धुन पर उन्होंने आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संसदीय सचिव श्रीमती अम्बिका सिंहदेव, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, महापौर एजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा, समाज कल्याण विभाग के सचिव भुवनेश यादव, संचालक रमेश कुमार वर्मा सहित दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित थे।

 

समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन सप्ताह पर सम्मानित हुए बुजुर्ग

error: Content is protected !!