पिता के सामने बेटी को उठा ले गए 100 लोग,घर में घुसकर तोड़फोड़ की, पिता को लाठी-घूंसों से पीठा

हैदराबाद 10 दिसंबर 2022: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के आदिबाटला इलाके में शुक्रवार को एक 24 वर्षीय महिला डॉक्टर का किडनैप कर लिया गया। दर्जनों लोग उसके घर में घुस गए और तोड़फोड़ की। फिर पिता की पिटाई कर बेटी को जबरन ले गए। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ कर महिला को सुरक्षित घर पहुंचा दिया। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

क्लिप में दिख रहा है कि लाठी-डंडों से लैस कई लोग एक घर में घुस रहे हैं। कुछ लोग घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर रहे हैं। इसके बाद एक व्यक्ति को घर से बाहर खींच कर लाया जाता है और लाठियों और डंडों से पीटा जाता है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, लड़की के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि लगभग 100 लोग घर में घुस गए और जबरन बेटी को उठाकर ले गए।

परिवार ने दावा- बेटी को बेडरूम से घसीट कर बाहर लाया गया

लड़की की पहचान वैशाली के रूप में हुई है, जो डेंटिस्ट है। महिला के परिवार ने दावा किया है कि उसे उसके बेडरूम से घसीट कर बाहर लाया गया और कार में बैठाकर अगवा कर लिया गया। परिवार ने नवीन रेड्डी नाम के एक व्यक्ति पर भीड़ का नेतृत्व करने और बेटी के अपहरण करने का आरोप लगाया है, जो कथित तौर पर महिला को उससे शादी करने के लिए परेशान कर रहा था।

पिता बोले- नवीन सोशल मीडिया पर बेटी को करता था परेशान

परिवार का कहना है कि दोनों बैडमिंटन खेलते समय मिले थे और उनमें दोस्ती हो गई। इसके बाद नवीन शादी का प्रस्ताव लाया, लेकिन बेटी ने कुछ कारणों से शादी के लिए मना कर दिया। इसके बाद से नवीन ने इस बारे में लोगों से बात करनी शुरू कर दिया और प्रस्ताव खारिज करने पर सवाल उठाने लगा।

इसके बाद उसने उसे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परेशान किया था, और उसने पीछा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस शिकायत दर्ज की थी।उन्होंने बताया कि नवीन की इलाके में चाय की कुछ दुकानें हैं। वह दुकान से श्रमिकों के साथ घर पर आया और तोड़फोड़ की।

नवीन समेत 18 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के अपहरण के बाद आरोपियों ने उसे पीटा और धमकाया भी।​​ राचकोंडा आयुक्तालय के अतिरिक्त आयुक्त सुधीर बाबू ने कहा कि यह निश्चित रूप से एक गंभीर अपराध है। हमने धारा 307 और धमकी से संबंधित अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि महिला को घटना के छह घंटे के अंदर बचा लिया गया। फिलहाल, पुलिस अन्य आरोपियों की भी पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

बेटी की शादी से नाराज था पिता, दामाद के सामने बरसाई गोलियां, दिनदहाड़े फायरिंग से इलाका खौफजदा

error: Content is protected !!